जन जातीय गौरव दिवस पर गरिमामय आयोजन

जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी


एमसीबी /इमली गोलाई स्थित गोंडवाना भवन के नजदीक जनजातीय गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, स्वाभिमान और योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। इस विशेष अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके अमर बलिदान और संघर्षों को नमन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी वीरता, दूरदर्शिता और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए संघर्षों को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने जनजातीय समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी।

मंच पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, कलेक्टर डी. राहुल वेंकट, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि परमेश्वर सिंह, शरण सिंह सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज के कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य-गान की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। साथ ही जनजातीय समाज के उत्थान में योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

 सभी अतिथियों ने एक स्वर में जनजातीय समुदाय की समृद्ध संस्कृति और उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। 


---