मनेंद्रगढ़ में एसीबी का बड़ा एक्शन: पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर 21 हजार की घूस लेते गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप
जिला ब्यूरो मृत्युंजय सोनी
एमसीबी। मनेंद्रगढ़ में गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने भ्रष्टाचार पर बड़ी चोट करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक सब इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपी इंजीनियर को 21 हजार रुपए की घूस लेते मौके पर गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने कुछ दिन पहले एसीबी अंबिकापुर में लिखित शिकायत दी थी कि पीडब्ल्यूडी में पदस्थ सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे किसी विभागीय काम के एवज में उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी टीम ने पहले जांच की, और तथ्य सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना तैयार की गई। योजना के अनुसार, एसीबी टीम ने मनेंद्रगढ़ के रेस्ट हाउस के कमरा नंबर 2 में निगरानी बिठाई। शिकायतकर्ता को चिन्हित नोटों के साथ भेजा गया। जैसे ही सब इंजीनियर ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान 21 हजार रुपए की राशि जब्त की गई और वैज्ञानिक परीक्षण (फोरेंसिक वॉश) में रिश्वत के लेन-देन की पुष्टि हुई।
फिलहाल आरोपी इंजीनियर को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह बिल भुगतान और तकनीकी स्वीकृति के नाम पर ठेकेदारों से अवैध वसूली करता था। एसीबी की टीम अब उससे जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका भी खंगाल रही है। इस कार्रवाई से पूरे पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया है। आम नागरिकों और ठेकेदारों ने एसीबी की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है, उनका कहना है कि ऐसे कदमों से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और ईमानदार कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।