बदनावर में आर्याव्रत पत्रकार संघ के आधिकारिक लोगो का भव्य विमोचन, साध्वी ऋतंभरा दीदी से मिला आध्यात्मिक आशीर्वाद
बदनावर - बदनावर में आर्याव्रत पत्रकार संघ के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब परम पूज्य साध्वी ऋतंभरा दीदी के पावन करकमलों से संघ के आधिकारिक लोगो का विधिवत एवं भव्य विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम हजारों लोगों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ, जहां दीदी माँ ने मंच से पर्दा हटाकर लोगो का अनावरण किया।
इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों में साध्वी ऋतंभरा दीदी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का एक सशक्त स्तंभ है, जो जनमानस को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पत्रकारों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें सदैव सत्य, निष्पक्षता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी लेखनी का उपयोग करना चाहिए।
दीदी माँ ने आगे कहा कि जब पत्रकार निर्भीक होकर समाज की समस्याओं और मुद्दों को उजागर करते हैं, तब लोकतंत्र सशक्त होता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होता है। उनके प्रेरणादायी शब्दों से उपस्थित पत्रकारों में नई ऊर्जा, उत्साह और दायित्वबोध का संचार हुआ।
कार्यक्रम में संत ऋषि राज्य महाराज एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सोमानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी पत्रकारों की भूमिका को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन की सराहना की।
इस गरिमामयी अवसर पर आर्याव्रत पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ पत्रकार श्री दिलीप सिंह चौहान, श्री महेश पाटीदार, श्री नवीन चौहान, श्री विनय पाटीदार, श्री मनीष शर्मा, श्री राकेश सिंह चौहान, डॉ. गोपाल सिंह ठाकुर, श्री प्रदीप पवार, श्री शिवशंकर रिंगनोदिया, श्री सचित बाहेती, श्री मुकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर समाजहित, जनहित और निष्पक्ष पत्रकारिता को सुदृढ़ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
आर्याव्रत पत्रकार संघ के इस लोगो विमोचन को पत्रकारों की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सशक्त अभिव्यक्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल निश्चित रूप से पत्रकारों की आवाज को नई मजबूती प्रदान करेगी और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रेरणास्रोत बनेगी।