सेवा संकल्प से सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था - केल्हारी में 795 मरीजों ने लिया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ

सशक्त एमसीबी: सेवा संकल्प अभियान के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, 795 मरीजों का हुआ उपचार

सेवा संकल्प से सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था - केल्हारी में 795 मरीजों ने लिया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ

रायपुर -एमसीबी जिले में संचालित ‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केल्हारी में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस दौरान 795 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर का शुभारंभ जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति गुप्ता एवं ग्राम पंचायत केल्हारी की सरपंच श्रीमती आशा द्वारा भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। ‘हर गांव, हर घर-हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं’ की भावना के साथ आयोजित इस शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं से ग्रामीणों को मिला लाभ

शिविर में सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ एवं जनकपुर से पहुंचे विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली।

शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शौभाग्य शरण सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अभ्या गुप्ता, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल मेहता, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. इंतजार ओरके, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आलेख सिदार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भाषिता साहू, नेत्र सहायक अधिकारी आर.डी. दीवान तथा दंत चिकित्सक डॉ. देवप्रताप ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा फिजियोथेरेपिस्ट श्री विक्की अल्फ टोप्पो ने भी मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

एक ही शिविर में जांच से लेकर दवा तक की सुविधा

स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की सुविधा के लिए पंजीयन एवं दवा वितरण की व्यवस्था के साथ एनसीडी स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड काउंटर, टीबी स्क्रीनिंग, ओआरएस काउंटर, डिजिटल एक्स-रे, आभा (ABHA) कार्ड पंजीयन तथा अत्याधुनिक लैब जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इन सेवाओं के कारण ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ी। शिविर में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं आगे की चिकित्सा के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था के लिए ग्रामीणों ने जताया आभार

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने सुदूर क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान किए जाने की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के प्रयासों की सराहना की।

व्यवस्थित आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) मनेन्द्रगढ़ डॉ.एस.एस.सिंह के मार्गदर्शन में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। विभागीय आदेश के तहत तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए मरीजों के पंजीयन, जांच, परामर्श और दवा वितरण की प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित की गई।

शिविर प्रभारी डॉ. महेश सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकीय दल ने मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, सहायक नोडल अधिकारी सुलेमान खान, डॉ. मंसूर आलम, बीईटीओ प्रमेन्द्र सिंह, संजीत सिंह, काशी प्रसाद, सुपरवाइजर श्री आर.के. तिवारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल

‘सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आयोजित यह शिविर जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। बड़ी संख्या में मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किए जाने से अभियान के जनस्वास्थ्य केंद्रित उद्देश्य को बल मिला।

शिविर की सफलता पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।