बड़ा राजनीतिक उलटफेर नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव ने कांग्रेस का हाथ छोड़ा
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/ जिले की राजनीति में गुरुवार को एक अहम मोड़ आया जब झगराखांड नगर पंचायत की अध्यक्ष रीमा यादव ने भाजपा की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। यह शामिलीकरण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ।
रीमा यादव का कांग्रेस छोड़ना कांग्रेस के लिए निकाय चुनाव से पहले एक गंभीर राजनीतिक झटका माना जा रहा है जबकि भाजपा इसे अपने संगठनात्मक विस्तार के बड़े कदम के रूप में देख रही है। रीमा यादव का भाजपा में प्रवेश इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछली बार नगर पंचायत चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की बहू चंपा जायसवाल को कड़ी टक्कर में हराकर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की है। अब अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी की पार्टी में शामिल होकर उन्होंने स्थानीय राजनीति की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से भाजपा को नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में नई मजबूती मिलेगी वहीं कांग्रेस को अपने संगठनात्मक ढांचे पर पुनर्मंथन करना पड़ सकता है।कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने रीमा यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।भाजपा नेताओं ने कहा कि रीमा यादव के आने से पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी तथा स्थानीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।पार्टी इसे एक ऐसे संकेत के रूप में भी देख रही है कि अन्य दलों के प्रभावी नेता भी भाजपा की विकास केंद्रित नीति और मजबूत संगठनात्मक ढांचे से प्रभावित होकर पार्टी की ओर रुख कर रहे हैं।