तालुका में गूंजा विधिक जागरूकता का संदेश, सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया न्याय ज्ञान का संकल्प

राष्ट्रीय लोक अदालत से साइबर सुरक्षा तक—तालुका क्षेत्र में विधिक जनजागरण का व्यापक प्रयास

तालुका में गूंजा विधिक जागरूकता का संदेश, सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया न्याय ज्ञान का संकल्प

एमसीबी - अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति माननीय श्री विवेक कुमार तिवारी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कुशल मार्गदर्शन में तालुका अंतर्गत बी.एड. महाविद्यालय एवं नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम स्थल पर मध्यस्थता एवं विधिक सेवा प्राधिकरण से संबंधित सूचना बैनर प्रदर्शित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विधिक जानकारी से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का विस्तार से परिचय कराया गया। उपस्थितजनों को बाल संरक्षण से जुड़े कानून (पोक्सो), यातायात एवं परिवहन नियम, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक विषयों पर सरल एवं प्रभावी ढंग से जानकारी दी गई। आगामी 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया तथा अधिक से अधिक प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निराकरण हेतु नागरिकों को प्रेरित किया गया। साथ ही जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं एवं हेल्पलाइन की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में वालंटियर श्री अजय विश्वकर्मा द्वारा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों—जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं ओटीपी फ्रॉड—से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। नागरिकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना अधिकृत अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों पर विशेष बल दिया गया।

जागरूकता के विस्तार हेतु पंपलेट वितरण भी किया गया। इस अवसर पर लगभग 300 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। यह आयोजन तालुका क्षेत्र में विधिक चेतना के प्रसार तथा आमजन को न्याय व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।