थाना प्रभारी टिकेश्वर यादव के नेतृत्व में चला यातायात जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति की ओर—केल्हारी पुलिस की पहल

थाना प्रभारी टिकेश्वर यादव के नेतृत्व में चला यातायात जागरूकता अभियान

जिला ब्यूरो-मृत्युन्जय सोनी  

एमसीबी - आम नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने और उनके परिवार को सुरक्षित एवं सुखमय जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी  टिकेश्वर यादव ने अपनी पुलिस टीम के साथ केल्हारी क्षेत्र में यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई एवं सभी को हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की समझाइश दी गई। थाना प्रभारी यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे आसान उपाय नियमों का पालन करना है। उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें, क्योंकि नशे के कारण न केवल व्यक्ति का शरीर और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक सुख-शांति भी बिगड़ जाती है। अभियान के दौरान यह भी पाया गया कि अनेक ग्रामीण बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी ने सभी से शीघ्र लाइसेंस बनवाने एवं वाहन दस्तावेज़ पूरे रखने की अपील की।

श्री यादव ने कहा — “सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, जीवन रक्षा का संकल्प है। हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह खुद भी सुरक्षित चले और दूसरों को भी सुरक्षा के लिए प्रेरित करे।” पुलिस टीम ने इस मौके पर ग्रामीणों को पैम्फलेट और सुरक्षा संदेश भी वितरित किए तथा विद्यालयों और बाजार क्षेत्र में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। एमसीबी पुलिस की यह पहल समाज में सुरक्षित, अनुशासित और नशामुक्त वातावरण की दिशा में सराहनीय कदम है।