जिला पंचायत सीईओ ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण
जल संरक्षण ,स्वच्छता से लेकर अमृत सरोवर तक-सीईओ ने गांवों में विकास कार्यों की जानी जमीनी हकीकत

एमसीबी - जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम ने आज जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित परिसंपत्तियों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल संरक्षण-संवर्धन, स्वच्छता, आंगनबाड़ी निर्माण और पंचायत स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया।
नागपुर में जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण
ग्राम पंचायत नागपुर में डबरी निर्माण तथा महाविद्यालय परिसर में निर्मित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता और उपयोगिता की समीक्षा की गई।
महाराजपुर में अमृत सरोवर का निरीक्षण
ग्राम पंचायत महाराजपुर में निर्मित अमृत सरोवर का अवलोकन किया गया। इस दौरान मछली पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली गई एवं इनके विस्तार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बरबसपुर आंगनबाड़ी निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
ग्राम पंचायत बरबसपुर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समय में गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सोक पिट व रिचार्ज पिट का निरीक्षण कर जल संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। गाँव में डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण एवं कचरा पृथक्करण को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
हलफली नाला के लिए जल संरक्षण कार्य योजना तैयार करने के निर्देश
ग्राम में स्थित हलफली नाला पर जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने हेतु तत्काल निर्देश दिए गए।
सोनवर्षा में चेक डैम व कंटूर ट्रेंच का निरीक्षण
ग्राम पंचायत सोनवर्षा में बोल्डर चेकडैम एवं कंटूर ट्रेंच जैसे जल संरक्षण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया और प्रगति की समीक्षा की गई।
सख्त निर्देश-समस्त कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों
सीईओ ने सभी सचिवों, तकनीकी सहायकों और रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि-पंचायत की सभी पंजीयों का नियमित संधारण हो, पंचायत नियमित रूप से खुले, प्रगतिरत सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता सहित पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।