रतलाम नगर निगम आयुक्त की तानाशाही पर उठे सवाल — मंत्री के निर्देशों की अनदेखी से जनआक्रोश

रतलाम नगर निगम आयुक्त की तानाशाही पर उठे सवाल — मंत्री के निर्देशों की अनदेखी से जनआक्रोश

रतलाम। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद एवं एम.आई.सी. सदस्य श्री मंगल लोढ़ा ने नगर निगम आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वार्ड क्रमांक 26 स्थित लम्बी गली में सड़क, नाली निर्माण एवं जल प्रदाय व्यवस्था के सुधार हेतु प्रदेश के केबिनेट मंत्री एवं नगर विधायक श्री चेतन्य काश्यप द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा इन कार्यों को जानबूझकर रोका जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं जनहित के विपरीत है।

श्री लोढ़ा ने बताया कि हाल ही में आयुक्त द्वारा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी मिलने पर कि मंत्री श्री काश्यप इस कार्य में विशेष रुचि ले रहे हैं, आयुक्त ने असंतोष प्रकट किया। इस दौरान उनकी क्षेत्रीय नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से तीखी बहस भी हुई। आयुक्त द्वारा कथित रूप से यह कहा गया कि "अब फाइल स्वीकृत करवा कर दिखा देना", जो प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है।

उन्होंने आगे बताया कि लंबे समय तक प्रतीक्षा के पश्चात जानकारी मिली कि उक्त विकास कार्य से संबंधित फाइल को आयुक्त द्वारा निरस्त कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र की जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

श्री मंगल लोढ़ा ने आरोप लगाया कि नगर विधायक एवं केबिनेट मंत्री के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना करना यह दर्शाता है कि आयुक्त को न तो शासन का भय है और न ही जनप्रतिनिधियों के प्रति कोई सम्मान। यह कृत्य प्रदेश की भाजपा सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित संबंधित उच्च पदाधिकारियों को की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही लम्बी गली में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो क्षेत्रीय जनता के साथ नगर निगम के विरुद्ध उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।