मनेंद्रगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में मतदाता पुनरीक्षण हेतु घर-घर पहुँचकर अभियान
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/ जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को बूथ स्तर अधिकारियों ( बीएलओ) द्वारा घर-घर पहुँचकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन, नए नामों का पंजीकरण तथा सुधार कार्य किया गया। स्थानीय वार्डों और ग्रामीण इलाकों में टीमों ने लोगों को फ़ॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ सही तरीके से आवेदन भरने के लिए मार्गदर्शन किया। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रक्रिया में हिस्सा लिया। आयोजित कैंप में अधिकारी खुले स्थान पर बैठकर आवेदनों की जाँच करते नज़र आए। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने दस्तावेज जमा कराए। टीम ने यह भी बताया कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित तिथि तक अपना आवेदन अवश्य भरें।एक अन्य मौके पर स्वास्थ्य कारणों से घर में मौजूद एक युवक के लिए भी बीएलओ ने वहाँ पहुँचकर फ़ॉर्म भरवाया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जाँच की। क्षेत्र में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और त्रुटियों को दूर करना है। अधिकारियों ने बताया कि सभी फ़ॉर्मों की ऑनलाइन प्रविष्टि समयबद्ध तरीके से की जाएगी ताकि आगामी चुनाव में हर पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।