विश्व मधुमेह दिवस पर ग्राम पाराडोल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित - 102 हितग्राही लाभान्वित
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी


एमसीबी/विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को मधुमेह एवं जैसे रोगों के प्रति जागरूक करने साथ ही उन्हें समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में मनेंद्रगढ़ विकासखण्ड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजी अंतर्गत ग्राम पाराडोल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्राम के सरपंच द्वारा माँ सरस्वती तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की जांच प्रक्रिया प्रारंभ की।
डॉ. नम्रता चक्रवर्ती (नोडल अधिकारी) ने ग्रामीणों को मधुमेह, रक्तचाप से बचने के लिए संयमित दिनचर्या एवं खान-पान के बारे में जानकारी दी
इस निःशुल्क शिविर में मधुमेह जांच, उच्च रक्तचाप जांच तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। कुल 102 हितग्राहियों ने इस शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। जांच के दौरान 34 व्यक्ति उच्च रक्तचाप से ग्रस्त पाए गए, वहीं 21 हितग्राही मधुमेह के मरीज मिले। स्वास्थ्य टीम द्वारा सभी मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी निर्देश दिए गए। शिविर की सतत मॉनिटरिंग सहायक नोडल अधिकारी अवनीश पांडे और जिला कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा की गई। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजी से ग्रामीण चिकित्सा सहायक रौतिया खान तथा स्वास्थ्य टीम के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में रोगों की समयबद्ध पहचान, रोकथाम और उपचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करने में सफल रहा।