लोक संस्कृति से सजा मनेन्द्रगढ़, भव्यता के साथ भव्यता महोत्सव हुआ

लोक कला हमारी पहचान, इसे सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी — स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल

लोक संस्कृति से सजा मनेन्द्रगढ़, भव्यता के साथ भव्यता महोत्सव हुआ

एमसीबी - नववर्ष की पूर्व संध्या पर मनेन्द्रगढ़ में आयोजित परंपरागत बहरूपिया महोत्सव भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। रंग, रूप और रचनात्मकता से सजी इस सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने पौराणिक चरित्रों के साथ सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को देर शाम तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अंत भला तो सब भला — बहरूपिया जैसी लोक कलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की आत्मा हैं। इन्हें संरक्षित करना समाज और शासन दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि लोक कलाकार समाज का दर्पण होते हैं, जिनकी प्रस्तुतियों में संस्कृति, संस्कार और सामाजिक चेतना समाहित रहती है। मनेन्द्रगढ़ की यह जीवंत परंपरा पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन समिति, कलाकारों और नगरवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को शासन स्तर पर सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान बहरूपिया कलाकारों की एकल एवं सामूहिक प्रस्तुतियों को दर्शकों की भरपूर सराहना मिली। प्रतियोगिता के परिणाम में एकल वर्ग में नरसिंह अवतार का सशक्त अभिनय करने वाले अर्जुन यादव प्रथम, हेलमेट जागरूकता संदेश के साथ यमराज का किरदार निभाने वाले पूर्व पार्षद गुरुचरण सिंह द्वितीय तथा “करें योग, रहें निरोग” का संदेश देने वाली नन्ही प्रतिभागी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं समूह वर्ग में चिरमिरी के कलाकारों द्वारा भील आदिवासी जीवन पर आधारित प्रस्तुति प्रथम, दानवीर कर्ण पर आधारित समूह प्रस्तुति द्वितीय तथा भगवान परशुराम एवं कर्ण के उत्कृष्ट अभिनय को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरों, भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पादेवी पावले, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, आईबीसी 24 न्यूज़ चैनल के वरिष्ठ एंकर पुनीत पाठक, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, पूर्व पार्षद श्यामसुंदर पोद्दार, राहुल सिंह, आशीष सिंह, जयाकर, पंकज जैन संचेती, संजीव ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रशासन और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बहरूपिया महोत्सव मनेन्द्रगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध करता हुआ एक यादगार आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ।