प्राचीन पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों को संरक्षित करना हम सब की जिम्मेदारी : कलेक्टर
रायपुर - प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आह्वान पर ज्ञानभारतम् मिशन के अंतर्गत जिले में प्राचीन एवं दुर्लभ पाण्डुलिपियों के संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न ऐतिहासिक पाण्डुलिपियों का संग्रहण कर उन्हें ज्ञानभारतम् पोर्टल में दर्ज किया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर निवासी श्री कमल वैद्य से 120 वर्ष पुरानी ओड़िया भाषा में 11 पांडुलिपियां प्राप्त हुई।
कलेक्टर ने श्री वैद्य के कार्यालय पहुंचकर पाण्डुलिपियों का अवलोकन किया तथा इस सराहनीय कार्य के लिए शॉल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रायपुर जिले में संचालित यह अभियान प्राचीन ज्ञान-संपदा के संरक्षण, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण के माध्यम से भावी पीढ़ियों के लिए हमारी अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त श्रीमती अंजलि शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।