मनेन्द्रगढ़ के सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सालोमन दास का निधन, ग्राम केवरा में बिताया स्वर्णिम सेवाकाल
जिला ब्यूरो मृत्युंजय सोनी
एमसीबी - मनेन्द्रगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 09, सरोवर मार्ग (तालाब के पास) निवासी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सालोमन दास, पिता संदीप दास (बाबू) का आकस्मिक स्वर्गवास दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को हो गया।
स्वर्गीय श्री सालोमन दास ने अपने शिक्षण जीवन का अधिकांश और सबसे सुनहरा समय ग्राम केवरा, ब्लॉक प्रतापपुर, जिला सरगुजा में व्यतीत किया। वे न केवल एक उत्कृष्ट शिक्षक थे, बल्कि पूरे ग्राम केवरा के अभिभावक के रूप में भी जाने जाते थे।
शिक्षा के साथ-साथ वे फुटबॉल के बेहतरीन खिलाड़ी भी थे। जब भी ग्राम में फुटबॉल मैच होता और लोगों को पता चलता कि “दास गुरुजी” खेलने वाले हैं, तो सैकड़ों लोग सिर्फ उनका खेल देखने पहुंच जाते थे। उनके नेतृत्व और खेल कौशल ने उन्हें हर दिल में खास स्थान दिलाया।
ग्राम केवरा में उनका इतना सम्मान था कि आज भी उनकी बात को कोई काट नहीं पाता। वे गांव के हर छोटे-बड़े विवाद, पारिवारिक मतभेद और सामाजिक समस्याओं को अपनी समझदारी और मधुर स्वभाव से सुलझा देते थे।
अंतिम यात्रा आज दोपहर 1 बजे के बाद उनके निवास स्थान वार्ड क्रमांक 09, सरोवर मार्ग, मनेन्द्रगढ़ से निकलेगी।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।