सेवा सेतु का मतलब सरकार और उनकी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम भाजपा सेतु के रूप में कर रही है - विधायक जायसवाल
जिले में पहली बार कृत्रिम अंग तत्कात बनाकर देने का काम सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जारी - श्याम बिहारी जायसवाल
एमसीबी, खड़गवां। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान का आयोजन एमसीबी जिले के खड़गवां जनपद पंचायत में किया गया। अभियान अंतर्गत हजारों लाभार्थियों को सरकारी सेवाओं का लाभ शिविर में प्राप्त हुआ।
इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सबसे पहले सेवा सेतु अभियान में लगे लगभग 16 स्टालों का मंत्री ने निरीक्षण किया उनके साथ जिले की कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगडे, जिला सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, पुलिस अधीक्षण श्रीमती रत्ना सिंह, एसडीएम विजेंद्र सिंह सारथी, तहसीलदार खड़गवां, तहसीलदार चिरमिरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामा बाई, जनपद उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में दीप प्रज्वलित और वंदना से शुरू हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यहां 16 सरकारी स्टॉल लगे है जो सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों को प्रदान करने के लिए लगाए गए है। आप सभी देख रहे है कि कार्यक्रम का नाम ही सेवा सेतु अभियान है इसका मतलब है कि सरकार और सरकारी तंत्र के बीच में भाजपा सेतु की तरह सेवा करते हुए ग्रामीणों को उसका लाभ दिलवाए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री के 25 सेवा वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है और पूरे देश में इसका आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा का कार्य कैंप लगाकर आवश्यक दस्तावेजों जिससे ग्रामीण वंचित है उसे उपलब्ध करवाना है। हार्टिकल्चर विभाग के द्वारा फल और सब्जी के बीज उपलब्ध यहां कराए जा रहे है। जिले में पहली बार कृत्रिम अंग के लिए कैंप लगाए जा रहे है इसके लिए राजस्थान से आए एलएमको ग्रुप अलग अलग समय पर सेवा दे रही है जो सेवा संकल्प अभियान के तहत ही संभव हो पा रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश सेवा में जुटे हुए है। श्री जायसवाल ने कहा 25 साल पहले मेरे गांव में लाइट नहीं थी, पक्का मकान नहीं था लेकिन आज स्थितियां बदल चुकी है यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और आम जनता के प्रति भाव से संभव हो पा रहा है।गरीब का बेटा पढ़े, बेटियां निडर होकर अपने पैर पर खड़ी हो, किसानों को उनका हक मिले ऐसी सोच ही सेवा संकल्प अभियान का मकसद है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे याद आता है जब शौचालय घर घर बनाने की योजना सरकार लेकर आई तो ग्रामीण शौचालय को सचिवालय कहते थे और शौचालय का उपयोग बकरी रखने तो कही भूसा रखने में उपयोग होता रहा पर आज देखिये पीएम की जागरूकता अभियान की बदौलत घर घर शौचालय है। चावल की बात करे तो निशुल्क सार्वजनिक वितरण प्रणाली बड़ी योजना जनहितैषी बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री का किसान सम्मान योजना में 6000 हजार रुपए की सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत उपलब्ध कराने का काम करती है। महतारी बंदन योजना महिलाओं को शसक्त बना रही है, साल में 12000 की सहायता बड़ी आर्थिक सहायता है। उन्होंने आगे कहा कि जिन माताओं के नाम छूट गये है उनके लिए अच्छी खबर है जल्द ही सरकारी पोर्टल खुलने वाला है तो सभी छूटी हुई माताओं से निवेदन है कि वो अपना नाम जरूर जुड़वाए ताकि उन्हें भी महतारी बंदन योजना का लाभ मिल सके। किसानों की बात की जय तो 3100 रुपए धान की कीमत सरकार दे रही है और किसी भी किसान का एक पैसा भी बकाया नहीं है। श्री जायसवाल ने कहा कि जिनका भी तबियत खराब है, कैसी भी बीमारी है, शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराए, सरकार इस बात की जवाबदारी लेती है कि उस मरीज का जहां भी इलाज होगा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा तो यह सब बड़ी हितकारी योजना दूरदर्शी सोच का नतीजा है। बेटियों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत ना हो इसके लिए सरस्वती सायकिल योजना का लाभ दिया जा रहा है। श्री जायसवाल ने ग्रामीणों की ओर इशारा करते हुए कहा कि खड़गवां जनपद के अंदर यैसा कोई गांव नहीं जहां डामरीयुक्त सड़क ना हो अगर यहां कोई यह कहे कि मेरे गांव में नहीं है तो अभी स्वीकृत होगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में माता बहनों को प्रशिक्षित और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्येश्य से महतारी सदन का निर्माण कराया गया है। इसी बीच मंत्री ने पैनारी के सरपंच से पूछा कि आपके यहां महतारी सदन का क्या लाभ महिलाओं को मिल रहा है? जवाब में उत्तर मिला कि 80 से 85 महिलाएं महतारी सदन में सिलाई सीख रही है वही देवाडांड की महिला सरपंच ने बताया कि हमारे यहां अभी महिलाएं विभिन्न चर्चाओं के लिए उपस्थित होती है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को मंत्री के हाथों किड, चेक और कई कार्ड वितरित कराए गए। उक्त कार्यक्रम भाजपा जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष राम प्रताप गुप्ता, सरपंच खड़गवां, मंडल अध्यक्ष खड़गवां धर्मपाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलाल साहू समेत जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी कर्मचारी , स्कूली बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे।