बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के विरोध में श्री बजरंग सेना का आक्रोश प्रदर्शन
बांग्लादेश का पुतला दहन कर शहीद दीपू दास को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
एमसीबी - बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू दास की निर्मम हत्या से पूरे देश में आक्रोश का माहौल है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश के एमसीबी जिले के चिरमिरी हल्दीबाड़ी में श्री बजरंग सेना के तत्वाधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश का पुतला दहन कर घटना के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर श्री बजरंग सेना के संभागीय अध्यक्ष विजय साहू एवं महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष भारती सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी एवं निर्णायक कार्रवाई की जाए। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में सुनियोजित तरीके से हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।प्रदर्शन के दौरान हिंदू युवक दीपू दास के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्री बजरंग सेना ने स्पष्ट किया कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष और आवाज बुलंद होती रहेगी। संगठन ने भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की अपील की।