बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में 27 दिसंबर को भगत सिंह चौक में होगा पुतला दहन

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में 27 दिसंबर को भगत सिंह चौक में होगा पुतला दहन
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में 27 दिसंबर को भगत सिंह चौक में होगा पुतला दहन

जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी 

एमसीबी/ भारत के हस्तक्षेप से अस्तित्व में आये बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर कथित रूप से लगातार हो रहे अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आगामी 27 दिसंबर को भगत सिंह चौक में पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। इस प्रदर्शन के माध्यम से बांग्लादेश सरकार की भूमिका के प्रति असंतोष व्यक्त किया जायेगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया जायेगा।    विश्व हिंदू परिषद के प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रतन केसरवानी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि बांग्लादेश में बीते कुछ समय से हिंदू समुदाय के विरुद्ध हिंसा, धार्मिक स्थलों को नुकसान, जबरन पलायन और असुरक्षा की घटनाएं सामने आ रही हैं जो अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बावजूद वहां की सरकार द्वारा ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाये जा रहे हैं जिससे हिंदू समाज में भय का माहौल बना हुआ है। रतन केसरवानी ने कहा कि भारत ने ऐतिहासिक रूप से बांग्लादेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में वहां हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रहा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल हिंदू समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहे हैं और किसी भी प्रकार के अत्याचार को स्वीकार नहीं किया जायेगा।  उन्होंने बताया की 27 दिसम्बर 2025 को होने वाला पुतला दहन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा जिसका उद्देश्य किसी समुदाय के प्रति द्वेष फैलाना नहीं बल्कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिये सरकारों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का ध्यान आकृष्ट करना है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारी अपने विचार रखेंगे तथा बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं के लिए न्याय और सुरक्षा की मांग करेंगे। आयोजकों ने आम नागरिकों, हिंदू समाज के लोगों और सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की है साथ ही उन्होंने प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की भी अपील की है।