जनता की राह होगी आसान: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने झाड़ियों के बीच 5 किमी पैदल चलकर किया वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण

जनता की राह होगी आसान: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने झाड़ियों के बीच 5 किमी पैदल चलकर किया वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण

चिरमिरी -  SECL द्वारा बड़ा बाजार-बरतुंगा पहुंच मार्ग अवरुद्ध किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों के आवागमन में उत्पन्न हो रही परेशानी को देखते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री ने SECL के अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की वस्तुस्थिति का जायजा लिया और आमजन के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

करीब 5 किमी पैदल चलकर देखा वैकल्पिक मार्ग

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं अधिकारियों ने करीब 5 किलोमीटर तक झाड़ियों और अव्यवस्थित रास्ते के बीच पैदल चलकर संभावित वैकल्पिक मार्ग का अवलोकन किया। रास्ते भर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आमजन के आवागमन और मार्ग को उपयोगी एवं सुरक्षित बनाए जाने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा होती रही। इस दौरान रहवासियों से भी उनकी समस्याएं और सुझाव लिए गए।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वैकल्पिक मार्ग ऐसा हो, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी न हो तथा बरसात सहित अन्य परिस्थितियों में भी लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

आज होगी पांच सदस्यीय टीम की संयुक्त बैठक

मंत्री ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कल यानि शनिवार को SECL सब एरिया कार्यालय में पांच सदस्यीय टीम की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें SECL, राजस्व विभाग, वन विभाग तथा क्षेत्र के रहवासियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में वैकल्पिक मार्ग को लेकर सभी पक्षों से चर्चा कर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनसुविधा से जुड़ी समस्या का समाधान केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्थल पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति को समझना और व्यावहारिक समाधान निकालना जरूरी है।

जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज मौके पर पहुंचकर वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया गया है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के हित में ऐसा रास्ता तलाशा जा रहा है, जिस पर सभी संबंधित पक्षों की सहमति हो और आम जनता को आवागमन की सुविधा मिल सके।

मार्ग को लेकर रहवासियों और SECL अधिकारियों में हुई बहस

निरीक्षण के दौरान संभावित वैकल्पिक मार्ग को लेकर क्षेत्र के रहवासियों और SECL अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक और बहस की स्थिति भी बनी। रहवासियों ने अपनी समस्याएं और आपत्तियां अधिकारियों के समक्ष रखीं। वहीं अधिकारियों ने मार्ग की व्यवहारिकता एवं विभागीय पक्ष से जुड़े बिंदुओं पर अपनी बात रखी। मंत्री की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बात सुनी गई और आपसी समन्वय के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर दिया गया।

सहमति से निकलेगा समाधान

निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों का प्रयास है कि बिना किसी विवाद के क्षेत्रवासियों को आवागमन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया जाए। कल होने वाली संयुक्त बैठक में मार्ग की स्थिति, वन एवं राजस्व संबंधी आवश्यकताओं तथा SECL से जुड़े पहलुओं पर चर्चा के बाद आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्या का समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए और इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि संयुक्त बैठक के बाद वैकल्पिक मार्ग को लेकर जल्द सहमति बनेगी और आवागमन की समस्या का समाधान होगा।