‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ ग्राम पंचायत लालपुर में निकाली गई जागरूकता रैली
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/ जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा तथा आर.के. खाती के मार्गदर्शन में बाल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा जिला बाल संरक्षण अधिकारी कोमल सिंह की उपस्थिति में ग्राम पंचायत लालपुर के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) मनेन्द्रगढ़ में ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ITI के विद्यार्थियों के साथ बाल विवाह के दुष्परिणाम, सही उम्र में शिक्षा और विवाह का महत्व, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला घरेलू हिंसा शिकायत हेतु हेल्पलाइन 181 और पुलिस हेल्पलाइन 112 के उपयोग और महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने बाल विवाह के खिलाफ रैली निकालकर पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश दिया। रैली में ITI के प्रिंसिपल, शिक्षक गण, संरक्षण अधिकारी बिंदिया खलखो, आउटरीच वर्कर ताज मोहम्मद और सोशल वर्कर रामयज्ञ साहू भी शामिल रहे, जिन्होंने बाल विवाह रोकथाम और कानूनों के पालन पर जोर दिया। ग्राम पंचायत लालपुर में सरपंच और सचिव की उपस्थिति में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान लोगों को बताया गया कि बाल विवाह न सिर्फ बच्चों के भविष्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि कानून भी दंडनीय अपराध है। पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में यह रैली एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और घर-घर संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।