हिंदू सम्मेलन में साइबर और यातायात जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी। आजकल साइबर ठगी आम बात है इसलिए पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में नागपुर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित हिंदू सम्मेलन के अवसर पर साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के दौरान पुलिस चौकी प्रभारी नागपुर सहायक उपनिरीक्षक शेषनारायण सिंह ने सम्मेलन में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और आम जनता को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन पर आने वाले फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, ऑनलाइन खरीदारी एवं डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही यातायात जागरूकता के अंतर्गत शेषनारायण सिंह ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन ना चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और सड़क संकेतों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन करने से ना केवल स्वयं की सुरक्षा होती है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सकती है कार्यक्रम के अंत में आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस द्वारा किए गए इस प्रयास की उपस्थित नागरिकों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।