प्रतिभाशाली छात्राओं का हुआ सम्मान

प्रतिभाशाली छात्राओं का हुआ सम्मान

जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी

एमसीबी/ए. के. इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग मनेन्द्रगढ़ ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण देते हुए जिले में गौरव बढ़ाया है। कालेज परिसर में बी.एस.सी. नर्सिंग 6th सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में कॉलेज की छात्राओं को शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त कर इतिहास रचने पर भव्य आयोजन कर सम्मानित किया गया.। इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान का नाम रोशन किया, बल्कि यह साबित कर दिया कि यहाँ की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और मेहनत का स्तर लगातार ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।

घोषित परिणाम में छात्राओं ने जहां अपने कड़ी मेहनत का परचम लहराया, वहीं कॉलेज के शिक्षकों और प्रबंधन की उत्कृष्ट मार्गदर्शन क्षमता भी स्पष्ट रूप से झलकी। प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची में कुमारी भूमिका चौधरी ने 75% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। भूमिका ने डिस्टिंक्शन के साथ सफलता प्राप्त कर कॉलेज के साथ-साथ अपने परिवार का भी गर्व बढ़ाया है।

द्वितीय स्थान पर अंजलि कुर्रे रहीं, जिन्होंने 73.46% अंक अर्जित किए। अंजलि की मेहनत और सतत अध्ययन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। वहीं उषा ठाकुर ने 73% के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसने निरंतरता और अनुशासन से मिली सफलता का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।

चौथे स्थान पर अमरीना भगत रहीं, जिन्होंने 71.67% अंक प्राप्त किए। वहीं आकांक्षा बंजारे ने 71% के साथ पाँचवाँ स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इन छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित किया कि संस्थान में न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है, बल्कि छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण, नर्सिंग कौशल और पेशेवर विकास हेतु निरंतर प्रेरित किया जाता है।

उत्कृष्ट परिणामों की घोषणा के बाद कॉलेज परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सफल छात्राओं का पुष्पगुच्छ, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था।

समारोह में संस्थान के संचालक डॉ. अखिलेश कुमार ओझा ने छात्राओं की सफलता पर गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों के समर्पण, नियमित कक्षाओं, प्रैक्टिकल प्रशिक्षण और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का संयुक्त फल है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्टता की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

अंत में डॉ. ओझा ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नर्सिंग जैसे मानव सेवा से जुड़े क्षेत्र में सफलता प्राप्त करना केवल ज्ञान का परिणाम नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, अनुशासन, समर्पण और लगन से उपजा हुआ फल है।

ए. के. इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह परिणाम शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है।