डीएमएफ की पहल से केल्हारी स्वास्थ्य केंद्र हुआ सौर ऊर्जा से सशक्त, वैक्सीन-दवाइयों की सुरक्षा हुई सुनिश्चित
रायपुर -एमसीबी जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना ऐसी ही एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसने स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की समस्या को काफी हद तक दूर कर दिया है। अब विद्युत अवरोध के बावजूद मरीजों के उपचार से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
डीएमएफ से सौर ऊर्जा की सौगात
जिला प्रशासन अंतर्गत जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत 16.68 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में 4.8 किलोवॉट क्षमता के सौर संयंत्र की स्थापना का कार्य कराया गया। यह स्वास्थ्य केंद्र जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में लगातार बिजली की उपलब्धता मरीजों के उपचार के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के संचालन के लिए बेहद जरूरी है। सौर संयंत्र की स्थापना से स्वास्थ्य केंद्र को स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा का भरोसेमंद स्रोत मिला है। इससे विद्युत व्यवस्था में आत्मनिर्भरता बढ़ी है और बिजली अवरोध के कारण होने वाली परेशानियों में कमी आई है।
बिजली बाधित होने पर भी इलाज की व्यवस्था रहती है सुचारू
सौर संयंत्र स्थापित होने से पहले विद्युत अवरोध के कारण स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय कार्य प्रभावित होते थे। विशेष रूप से डीप फ्रीजर में रखी जाने वाली महत्वपूर्ण वैक्सीन एवं दवाइयों के खराब होने का खतरा बना रहता था। लगातार बिजली नहीं मिलने की स्थिति में मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी व्यवधान उत्पन्न होता था। अब सौर संयंत्र की मदद से स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की उपलब्धता निरंतर बनी रहती है। इससे वैक्सीन और आवश्यक दवाइयों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी डीप फ्रीजर को निर्बाध बिजली मिल रही है। परिणाम स्वरूप महत्वपूर्ण दवाइयों एवं वैक्सीन को खराब होने से बचाया जा रहा है। उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी विद्युत अवरोध की चिंता से राहत मिली है।
दूरस्थ क्षेत्र के मरीजों को मिला सुरक्षा और सुविधा का भरोसा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से मरीज लगातार उपचार के लिए पहुंचते हैं। सौर संयंत्र की स्थापना के बाद यहां कार्यरत स्टाफ और उपचार के लिए आने वाले मरीजों को विद्युत व्यवस्था को लेकर अधिक भरोसा मिला है। स्वास्थ्य केंद्र की महत्वपूर्ण सेवाएं अब बिजली की अनिश्चितता से कम प्रभावित होती हैं। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा के उपयोग और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण बनकर सामने आई है। डीएमएफ की राशि से स्थापित सौर संयंत्र ने केल्हारी जैसे दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती दी है!