स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की पहल से छीपछिपि में शिक्षा का उजियारा

नव निर्मित हाई स्कूल भवन का लोकार्पण, ग्रामीण अंचल में खुशी की लहर

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की पहल से छीपछिपि में शिक्षा का उजियारा

एमसीबी - मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत छीपछिपि में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल के करकमलों से गांव के नव निर्मित हाई स्कूल भवन का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह, हर्ष और गौरव का वातावरण देखने को मिला। स्वास्थ्य मंत्री के ग्राम पंचायत पहुंचते ही ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पमालाओं से उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री भगत बाबू, जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मंत्री श्री जायसवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात हाई स्कूल के नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से छीपछिपि सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे बच्चों के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

लोकार्पण के पश्चात विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया। समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि

“शिक्षा समाज की प्रगति की मजबूत नींव है। सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिले। यह नया स्कूल भवन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है।” उन्होंने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते कार्यकाल में बिना बजट के केवल शिलान्यास किए गए, जिसके कारण अनेक योजनाएं अधूरी रह गईं। वर्तमान में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें धरातल पर उतार रही है। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शिक्षा के क्षेत्र में मिली इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए शासन-प्रशासन एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।