एसआईआर के लिये हुई समीक्षा बैठक स्वप्निल सिन्हा ने दी 27 बूथों की विस्तृत जानकारी
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/गत दिवस अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की सचिव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी सुश्री ज़रिता लैतफलांग विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लेने मनेंद्रगढ़ पहुँचीं। विधानसभा निर्वाचन के मद्देनज़र मतदाता सूची पुनरीक्षण और संगठनात्मक तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। सुश्री लैतफलांग ने बैठक की शुरुआत जिले में चल रही एसआईआर गतिविधियों, मतदाता सूची अद्यतन कार्य, तथा संगठनात्मक संरचना की वर्तमान स्थिति की जानकारी हासिल कर की। उन्होंने बूथ स्तर पर नियुक्त बीएलए की सक्रियता, वार्डों में फील्ड टीमों की उपलब्धता, मतदाता सूची में सुधार के लिए चल रहे घर-घर पुनरीक्षण कार्य और डिजिटल अपडेट की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट ली। सह-प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि आने वाले समय में निर्वाचन गतिविधियाँ और अधिक गतिशील होंगी। ऐसे में हर बूथ, वार्ड और ब्लॉक स्तर पर डेटा की शुद्धता और संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये।समीक्षा बैठक में एफआइआर कार्य के लिए मनेन्द्रगढ़ ब्लाक(शहर) प्रभारी और वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने शहरी क्षेत्र की एसआईआर तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने मनेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र के तहत आने वाले 27 बूथों की बूथवार स्थिति, बीएलए की तैनाती, मतदाता सूची में सुधार के लंबित कार्य, वार्ड स्तर पर जारी संपर्क अभियान और टीमों के फील्ड दौरे की जानकारी साझा की। स्वप्निल सिन्हा ने कहा की संगठन ने जो विश्वास और जिम्मेदारी मेरे हाथों में सौंपी है। उसे मैं पूरी लगन, ऊर्जा और निष्ठा के साथ पूरा करूंगा। हमारा लक्ष्य है कि मनेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया को समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत सटीकता के साथ पूरा किया जाये। बूथ स्तर पर टीमवर्क को मजबूत कर हम सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी प्रस्तुति पर सह-प्रभारी लैतफलांग ने सहमति जताते हुए आवश्यक दिशानिर्देश दिए और फील्ड टीमों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान सुश्री ज़रिता लैतफलांग ने कहा कि एसआईआर सिर्फ तकनीकी प्रक्रिया नहीं बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का अवसर है। बैठक में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, युवक कांग्रेस के पदाधिकारी, बीएलए, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।