“करमा की थाप पर झूम उठा नागपुर — लोक संस्कृति, एकता और उल्लास का अनोखा संगम”

“करमा की थाप पर झूम उठा नागपुर — लोक संस्कृति, एकता और उल्लास का अनोखा संगम”

जिला ब्यूरो मृत्युंजय सोनी 

मनेन्द्रगढ़ - आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत नागपुर के हनुमान मंदिर प्रांगण में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र में लोक-संस्कृति की गूंज और ढोल-मांदर की थाप पर झूमते कलाकारों ने समां बाँध दिया।कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद सदस्य शहनवाज अली, श्रीमती रीना अग्रवाल, ग्राम पंचायत नागपुर के सरपंच-पंचगण तथा आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और करमा नृत्य की सांस्कृतिक गरिमा पर प्रकाश डाला। महोत्सव में ग्राम पंचायत बाला, बिहारपुर एवं छिपछिपी के नर्तक दलों ने पारंपरिक करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। ढोलक, मांदर और झांझ की ताल पर प्रस्तुत किए गए नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल ने दलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर बाला एवं छिपछिपी के नर्तक दलों को जिला स्तरीय करमा प्रतियोगिता हेतु चयनित किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित दलों को शुभकामनाएँ दीं और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “करमा केवल नृत्य नहीं, बल्कि यह हमारे लोकजीवन की एकता, परिश्रम और परंपरा का प्रतीक है।” ग्रामवासियों ने बताया कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं में सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करते हैं और पारंपरिक कला-संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव ने किया तथा ग्राम सरपंच ने आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का माहौल सौहार्द, आनंद और सांस्कृतिक समरसता से ओतप्रोत रहा।