श्रेयस सिन्हा का अंडर 19 कम्बाइंड क्रिकेट टीम में हुआ चयन
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/कुछ कर दिखाने का जज्बा हो,हौसले के साथ निरंतर परिश्रम हो तो कुछ भी असंभव नहीं है ऐसी ही मिसाल है एमसीबी जिले के होनहार क्रिकेटर श्रेयस सिन्हा (पिता – राजेश सिन्हा माता रितु सिन्हा) ने अंडर-19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राजनांदगांव में आयोजित मैच में कोरिया अंडर-19 टीम की ओर से खेलते हुए श्रेयस सिन्हा ने 157 रनों की नाबाद और बेहतरीन पारी खेली। श्रेयस सिन्हा ने कुल 245 रन बनाए।
श्रेयस की इस उत्कृष्ट पारी के चलते उनका चयन प्लेट अंडर-19 कम्बाइंड टीम में किया गया है, जो उनके क्रिकेट करियर की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
बताया गया कि श्रेयस सिन्हा पिछले 12 वर्षों से क्रिकेट का नियमित अभ्यास कर रहे हैं। इससे पूर्व वे अंडर-16 वर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ब्लॉसम एकेडमी स्कूल से कक्षा छठवीं तक प्राप्त की, इसके बाद वे स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत हैं और वर्तमान में कक्षा 12वीं के छात्र हैं।
श्रेयस की इस सफलता के पीछे ब्लॉसम एकेडमी स्कूल के डायरेक्टर जसपाल कालरा का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने प्रारंभ से ही उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए क्रिकेट में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन दिया।
श्रेयस सिन्हा की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।