जल जीवन मिशन पर सरपंचों का विशेष प्रशिक्षण हुआ संपन्न: सुरक्षित पेयजल प्रबंधन की ओर सशक्त कदम
एमसीबी - जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र, मनेन्द्रगढ़ में नव-निर्वाचित सरपंचों के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आज जल जीवन मिशन पर एक महत्वपूर्ण और उपयोगी सत्र आयोजित किया गया, जिसने प्रतिभागियों को ग्राम स्तर पर पेयजल प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के विशेषज्ञों ने सरपंचों को जल जीवन मिशन के संचालन और संधारण की संपूर्ण प्रक्रिया, शासन के राजपत्र में वर्णित प्रावधानों, ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल योजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया, तथा पेयजल आपूर्ति प्रणाली के प्रमाणीकरण और सत्यापन के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने जल गुणवत्ता परीक्षण, नियमित रखरखाव, जल स्रोत संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं जल सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं पर भी गहन मार्गदर्शन दिया, जिससे सरपंचों को ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी और प्रायोगिक दोनों स्तरों पर मजबूती मिली।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रियता और उत्साह दिखाते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण में मिली सभी जानकारियों को अपने-अपने ग्राम पंचायतों में प्रभावी रूप से लागू करेंगे, ताकि ग्रामीण जनता को स्वच्छ और सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इस महत्वपूर्ण सत्र में कुल 24 प्रतिभागियों ने भाग लेकर जल जीवन मिशन के उद्देश्यों की बेहतर समझ विकसित की और ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।