नन्हे कदमों की उड़ान, खेलों से संवरता भविष्य

लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल का चौथा वार्षिक खेल महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न

नन्हे कदमों की उड़ान, खेलों से संवरता भविष्य

एमसीबी - लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल, मनेंद्रगढ़ द्वारा 18 दिसंबर 2025 को चौथे वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन उत्सव फार्म हाउस, जेल बिल्डिंग के पास, चैनपुर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक जेल अधीक्षक, उप जेल, मनेंद्रगढ़ श्री विक्रम गुप्ता रहे। उनके आगमन पर संस्था के संचालक मो. फिरोज एवं संचालिका रूहीन मंसूरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। खेल महोत्सव में प्ले ग्रुप से केजी-2 तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा प्रस्तुत जोशीले जुंबा डांस से हुआ, जिसे खेलों से पूर्व वार्म-अप के रूप में आयोजित किया गया, ताकि बच्चों में स्फूर्ति और लचीलापन आए।

प्रतियोगिताओं से पूर्व बच्चों को संबोधित करते हुए संचालक मो. फिरोज ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं। खेल मैदान में बच्चों ने बटरफ्लाई रेस, पैक योर बैग, कीप द बॉल रेस, ब्लॉसम रन रेस, बॉल कीपिंग रेस, इन-आउट गेम, बर्स्ट द बैलून रेस, लायन रेस, कलेक्ट द बॉल रेस एवं कलर हंट रेस जैसी रोचक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता बच्चों ने पदक जीतकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मुख्य अतिथि श्री विक्रम गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि कक्षा के साथ-साथ खेल मैदान में समय बिताना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व और लक्ष्य निर्धारण सिखाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की खेलों में रुचि को प्रोत्साहित करें, क्योंकि यही रुचि भविष्य में उनके करियर का आधार बन सकती है। इस अवसर पर उन्होंने विजेता बच्चों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के अंत में संस्था संचालक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस सफल आयोजन में सीएलओ स्मृति गुप्ता, कोऑर्डिनेटर निशि विश्वकर्मा सहित सहयोगी टीम— इलियास खान, शहाबुद्दीन अंसारी, रोहिणी फर्कसे, तसलीम मंसूरी, नंदनी विश्वकर्मा, खुशी गुप्ता, श्रद्धा साव, विमला दाहिया, साक्षी सिंह, ज्योति यादव, निकुंज गोयल, उमा तिवारी, शांति जायसवाल एवं सुशीला का सराहनीय योगदान रहा। इस प्रकार लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल का चौथा वार्षिक खेल महोत्सव बच्चों की मुस्कान, खेल भावना और अभिभावकों की सहभागिता के साथ यादगार बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।