यातायात जागरूकता अभियान: आरटीओ और पुलिस की पहल मौके पर ही बन रहे लर्निंग लाइसेंस
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी /सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शासन द्वारा चलाए जा रहे एक महीने के विशेष अभियान के तहत आज एक महत्वपूर्ण शिविर का आयोजन किया गया। चिरमिरी पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।मौके पर लर्निंग लाइसेंस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन वाहन चालकों को सुविधा प्रदान करना है जिनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। आरटीओ विभाग द्वारा मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इससे पूर्व 9 तारीख को चालकों के लिए एक विशेष नेत्र शिविर भी लगाया गया था, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन चलाने वालों की दृष्टि दुरुस्त है।थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शिविर के बारे में शहर में मुनादी कराई गई थी, जिसके कारण आज सुबह से ही आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ी है।शासन की ओर से एक माह का यातायात जागरूकता अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में आज आरटीओ विभाग के समन्वय से पुलिस ने लर्निंग लाइसेंस कैंप लगाया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को कानूनी रूप से वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करना है।