छोटू यादव का बदलता जीवन, जल जीवन मिशन से साकार हुआ सपना
जिला ब्यूरो मृत्युंजय सोनी -
एमसीबी - ग्रामीण जीवन में स्वच्छ पेयजल की सुविधा किसी वरदान से कम नहीं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित जल जीवन मिशन ने ग्राम पंचायत बड़वाही, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के ग्रामीणों के जीवन में यही परिवर्तन लाया है। इस योजना ने गांव के लोगों को न केवल स्वच्छ जल की सुविधा दी, बल्कि उनके जीवन की दिशा भी बदल दी।
ग्राम बड़वाही के निवासी छोटू यादव बताते हैं कि कुछ वर्ष पहले तक उन्हें और उनके परिवार को पेयजल के लिए रोजाना कई किलोमीटर दूर स्थित कुएं तक जाना पड़ता था। गर्मी के मौसम में तो पानी की कमी सबसे बड़ी परेशानी बन जाती थी। लेकिन अब “हर घर नल से जल” योजना के अंतर्गत उनके घर तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होने लगी है। छोटू यादव कहते हैं कि अब उनके परिवार को पानी के लिए चिंता नहीं करनी पड़ती। घर पर ही नल से शुद्ध जल उपलब्ध होने से समय की बचत होती है, जिससे वे अपनी आजीविका और बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं। इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को भी बड़ी राहत मिली है, क्योंकि पहले उन्हें दूर-दूर तक पानी ढोना पड़ता था। गांव में स्वच्छ जल की उपलब्धता से बीमारियों में कमी आई है और लोगों के स्वास्थ्य में स्पष्ट सुधार देखा जा रहा है। छोटू यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा - “जल जीवन मिशन ने हमारे गांव को नई जिंदगी दी है। अब हमें स्वच्छ जल के साथ स्वस्थ जीवन का भरोसा मिला है।” यह कहानी ग्राम बड़वाही की उस नई सुबह की प्रतीक है, जहाँ हर घर नल से जल बह रहा है और हर चेहरे पर संतोष की मुस्कान झलक रही है।