कानून की रोशनी से जगमगाया कोडा विद्यालय — विधिक साक्षरता शिविर में 300 छात्र-छात्राएँ हुए जागरूक
तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोडा में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
एमसीबी - तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्राम कोडा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन माननीय अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति, श्री विवेक कुमार तिवारी जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में अधिकार मित्र थाना मनेंद्रगढ़ श्री अजय विश्वकर्मा, थाना झगड़ाखण्ड से श्रीमती अंजनी यादव एवं श्री उदयभान मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य तथा समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। शिविर के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से DAWN योजना (नशे के विरुद्ध जागरूकता), साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, परिवहन अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम तथा श्रम विभाग की योजनाओं पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया गया।
साइबर ठगी की स्थिति में सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1930, नशा मुक्ति के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 14446 तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।

इस विधिक साक्षरता शिविर में विद्यालय के लगभग 300 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाना एवं नागरिकों को उनके अधिकारों एवं दायित्वों से अवगत कराना रहा।