नशामुक्त भारत अभियान - जिला कार्यालय में नशे के विरुद्ध शपथ ग्रहण

नशामुक्त भारत अभियान - जिला कार्यालय में नशे के विरुद्ध शपथ ग्रहण

जिला ब्यूरो मृत्युंजय सोनी - 

एमसीबी -  जिले में नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने किया। इस अवसर पर जिला कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशीले पदार्थों के उपयोग के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति होते हैं और उनका योगदान समाज और देश के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए यह आवश्यक है कि अधिक से अधिक युवा नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ें और नशे के विरुद्ध जनजागरण को मजबूत बनाएं।

उन्होंने कहा कि नशा समाज की उन्नति में बाधक है तथा इसे रोकने के लिए शासन और प्रशासन के साथदकृसाथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर समुदाय की सक्रिय भागीदारी ही नशे की बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी साधन है। कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर

अनिल सिदार ने भी सभी उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए नशामुक्त समाज निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन सुधारने की एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक पहल है, जिसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। शपथ ग्रहण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों से समाज को बचाने और स्वस्थ, जागरूक एवं नशा मुक्ति वातावरण निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।