सामाजिक सरोकार की मिसाल बना राजस्थान भवन श्री अग्रसेन विवाह उत्सव योजना का हुआ भव्य शुभारंभ
जिला ब्यूरो मृत्युन्जय सोनी
एमसीबी/नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था राजस्थान भवन द्वारा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिये एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल की शुरुआत की गई है। बढ़ती महंगाई के दौर में विवाह जैसे पारिवारिक आयोजनों का आर्थिक बोझ कई परिवारों के लिए चिंता का कारण बन जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राजस्थान भवन ने श्री अग्रसेन विवाह उत्सव योजना की शुरुआत की है जिसका शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों से पोस्टर विमोचन के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्यामसुंदर पोद्दार ने योजना की अवधारणा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना उन परिवारों के लिए संजीवनी साबित होगी जो सीमित संसाधनों के कारण विवाह की समुचित व्यवस्था नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि राजस्थान भवन का प्रयास है कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को गरिमा और सम्मान के साथ संपन्न कराया जाये। उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत एक ही परिसर में विवाह से जुड़ी सभी प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें भवन की व्यवस्था, वर-वधु एवं अतिथियों के लिए भोजन, आकर्षक फूल एवं फ्लावर डेकोरेशन, बैंड-बाजा, रोड लाइट, ब्यूटीशियन की सुविधा, मंच और सजावट, पंडित तथा पूजन सामग्री शामिल हैं। इसके साथ ही विदाई के समय पर वधु पक्ष को 10 किलो मिठाई प्रदान की जायेगी। यह पूरी योजना सहयोगात्मक और न्यूनतम खर्च पर आधारित होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राजस्थान भवन की इस पहल को समाज के लिये अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ हमेशा से दान, सेवा और सामाजिक सहयोग के लिये जाना जाता रहा है। इस योजना के माध्यम से अनेक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा और समाज में सकारात्मक संदेश जायेगा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज की संस्थाएं इस प्रकार आगे आयें तो आर्थिक कारणों से कोई भी परिवार अपने बच्चों के विवाह को लेकर परेशान नहीं रहेगा। राजस्थान भवन की यह पहल निश्चित रूप से सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को और मजबूत करेगी। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, राहुल सिंह, राजस्थान भवन के अध्यक्ष श्यामसुंदर पोद्दार, संरक्षक रघुनाथ पोद्दार, सचिव विजय गाड़ोदिया, निरंजन मित्तल, राजेन्द्र पंसारी, पवन गोयल, आनंद सराफ, प्रबंधक दिवाकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।